मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रेशमी नगरी मुबारकपुर व सठियांव रोड स्थित दीनी तालीम के लिए विश्व प्रसिद्ध संस्था अल्जामिअतुल अशरफिया के संस्थापक सूफी हज़रत अल्लामा शाह अब्दुल अज़ीज़ मुहद्दिस मुरादाबादी का दो दिवसीय उर्स बड़े ही अक़ीदत के साथ मनाया गया। इसमें देश प्रदेश के जायरीनों ने भाग लिया और हाफ़िज़-ए-मिल्लत अलैहिर्रहमा की मज़ार पर पहुंचकर चादर पोशी व गुलपोशी कर अपने कारोबार की तरक़्क़ी व देश प्रदेश की खुशहाली व अमन चैन की दुआएं मांगी।
उर्स के पहले दिन शनिवार को बाद नमाज़े फज्र क़ुरआन ख्वानी व फातेहा ख्वानी का आयोजन किया गया। बाद नमाज़ ज़ोहर हाफ़िज़-ए-मिल्लत अलैहिर्रहमा के आवास से जानशीन-ए- हाफिज़े मिल्लत हज़रत मौलाना शाह अब्दुल हफ़ीज़ साहब व उलमाए मशाएख के नेतृत्व में बड़े अक़ीदत व एहतराम के साथ दर्जनों चादरों का जुलूस निकाला गया जिसमें क्षेत्र की आधा दर्जन धार्मिक अंजुमनों ने हुजूरे-ए हाफिजे-ए मिल्लत की शान में मनकबत ख्वानी व नात ख्वानी का नज़राना पेश कर बारगाहे हाफ़िज़-ए-मिल्लत में खिराजे अक़ीदत पेश किया। जुलूस अपने निर्धारित रास्तों से गुज़रता हुआ अरबी विश्वविद्यालय पहुंचकर हाफ़िज़-ए-मिल्लत की मज़ार पाक पर उलमाए मशाएख के हाथों चादरपोशी कर संस्था की तरक्क़ी के साथ ही देश प्रदेश की खुशहाली एवं अमन चैन की दुआएं मांगी गयी।
इनसेट—
उर्स में सुरक्षा व्यवस्था रही चाक चौबंद
मुबारकपुर (आजमगढ़)। उर्स हाफ़िज़ -ए- मिल्लत सकुशल सम्पन्न कराने की दृष्टि से थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी राजीव कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। चादरों के मेन जुलूस के साथ पुलिस फोर्स साथ साथ चलती रही।
संस्था के मेन गेट पर पुलिस कैम्प बनाया गया था जहां पर्याप्त फोर्स अलर्ट मूड में देखी गयी। थाना प्रभारी एंव क़स्बा चौकी प्रभारी लगातार रोडवेज से संस्था परिसर तक चक्रमण करते रहे ताकि किसी भी जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो सके।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव