ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के सिसरेडी गांव में गैंगस्टर एक्ट के वांछित राहुल यादव पुत्र प्रकाश यादव के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। यह कार्रवाई गैंगस्टर कोर्ट के आदेश पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह तथा ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम सुबह सिसरेडी गांव पहुंची और न्यायालय द्वारा जारी कुर्की आदेश के तहत अभियुक्त के घर की संपत्ति को नोटिस जारी करते हुए कुर्क करने की प्रक्रिया पूरी की। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त राहुल यादव गैंगस्टर एक्ट में काफी समय से फरार चल रहा है। लगातार तलाश के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। अदालत के निर्देशों के बाद उसके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अभियुक्त जल्द ही पुलिस के सामने या न्यायालय में हाजिर नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-एमके राय