लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रविवार को अवकाश होने के कारण गांव निवासी 15 वर्षीय अंशु पुत्र आशुतोष उर्फ मंगल तथा 13 वर्षीय अल्तमश अंसारी पुत्र फखरे आलम गांव के उत्तरी छोर पर स्थित ट्यूबवेल पर नहाने गए थे। इसके बाद दोनों पास में स्थित तालाब में नहाने के लिए उतर गए। ग्रामीणों के अनुसार तालाब के भीतर गहरा दलदल होने के कारण दोनों उसमें फंस गए और देखते ही देखते डूबने लगे। बच्चों को डूबते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। काफी मशक्कत के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतकों में अंशु कक्षा 10 का छात्र था, जबकि अल्तमश अंसारी कक्षा 6 में पढ़ता था। दोनों एसएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल कलीचाबाद निहोरगंज के छात्र थे। हादसे के बाद विद्यालय में भी शोक का माहौल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों की चीख-पुकार से हर आंख नम हो जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद