बैडमिंटन प्रतियोगिता के माध्यम से जनगणना के प्रति जागरूकता का संदेश

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनगणना-2027 के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा आमजन को स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से आजमगढ़ में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के माध्यम से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे बच्चों ने जनगणना-2027 के महत्व को समझते हुए अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

जागरूकता अभियान के अंतर्गत बच्चों ने सेल्फी के माध्यम से जनगणना-2027 का संदेश प्रसारित करने तथा अपने घर-परिवार के सदस्यों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बच्चों को बताया गया कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता एवं सही जानकारी का विशेष महत्व है।

इस अवसर पर बच्चों को जानकारी दी गई कि जनगणनादृ2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके लिए निर्धारित पोर्टल के माध्यम से परिवार स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा।

बच्चों को जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने परिवारजनों को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। इस संपूर्ण जागरूकता गतिविधि एवं प्रचार-प्रसार का नेतृत्व आजमगढ़ के मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया तथा इसमें प्रत्येक परिवार की सहभागिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *