जाति-धर्म नहीं, गांव और गरीब के विकास से बदलेगी तस्वीर: ओमप्रकाश

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के भेदौरा गांव स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को सुभासपा की ओर से सामाजिक समरसता परिक्षेत्र, एरिया मदियापार के जोनल प्रभारी, सेक्टर प्रभारी एवं बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। संचालन ओमप्रकाश पाल ने किया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा विशिष्ट अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर रहे।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सुभासपा में सभी जाति और वर्ग के लोगों को सम्मान दिया जाता है। सम्मेलन में 84 बूथ, 50 गांव, चार जोन और 12 सेक्टर के कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गांव, गरीब और किसान की बात करती है। गरीबों के स्वास्थ्य, जीवन स्तर में सुधार और शिक्षा से जोड़ने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने दावा किया कि गरीबों के इलाज के लिए उनकी सरकार ने बड़ी धनराशि उपलब्ध कराई है। साथ ही सिकंदरपुर-नदियांव और कप्तानगंज-गोपालपुर मार्ग के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से गांवों की छोटी गलियों को नाली, सीसी और सड़क से जोड़ने का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। सपा शासनकाल पर भी हमला बोला और कहा कि आजमगढ़ में सपा की कथित गुंडई को खत्म करने के लिए वह लगातार क्षेत्र में आ रहे हैं। अब गरीबों के काम हो रहे हैं और प्रदेश में बुलडोजर बाबा की चर्चा है।
राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। सुभासपा महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए लगातार काम कर रही है। अतरौलिया के विकास को लेकर पार्टी की लड़ाई जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जाति और धर्म देखकर विकास कराया जाता है। आने वाले समय में अतरौलिया में परिवर्तन की आंधी चलेगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने जनता को धोखा दिया है, उनकी विदाई तय है। अतरौलिया में विकास के नाम पर पुराने कार्यों पर ही दोबारा फीता काटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोला।
इस अवसर पर मंजू मिश्रा, रेनू राजभर, गीता विश्वकर्मा, संगीता राव, विमल राठौर, रामकुमार गुप्ता, अनीता राजभर, राकेश गौड़, अमरमणि कश्यप, मनजीत अहमद, दीपक सिंह, सीमा रावत, दीपक यादव, मजीद अहमद, प्रवीन गुप्ता, अभय सिंह, कुलदीप राजभर आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषााद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *