अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के मामले को लेकर निषाद समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में सोमवार अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेल्हरापट्टी में जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद के नेतृत्व में निषाद समाज के लोगों की बैठक हुई। इसमें हत्याकांड की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद ने कहा कि विनोद कुमार साहनी सामाजिक रूप से सक्रिय और कर्मठ व्यक्ति थे। वह समाज के लोगों के सुख-दुख में हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और उसके बेटे को सुरक्षा के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए। इसके साथ ही आरोपियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाए।
बैठक में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने निषाद समाज से जुड़े कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की भूमिका को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आगामी विधानसभा चुनाव में समाज अपनी नाराजगी जाहिर करेगा।
बैठक में मौजूद महिलाओं निशा और परमशीला समेत अन्य महिलाओं ने भी घटना पर गहरा दुख जताया। सभी ने एकजुट होकर विनोद कुमार साहनी हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद