अज्ञात कारणों से लगी आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत फरिहा क्षेत्र उम्मा के पूरा गांव के समीप अज्ञात कारणों से लगी आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों के साथ आग तेजी से गांव की ओर बढ़ने लगी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव के लोगों ने बिना समय गंवाए एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और झाड़-झंखाड़ की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं कुछ किसानों ने ट्रैक्टर से खेतों की जुताई कर आग को आगे बढ़ने से रोका, जबकि अन्य ने मौके पर लगे ट्यूबवेल चालू कर पानी डालकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।
ग्रामीणों के त्वरित प्रयासों के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। यदि थोड़ी भी देर होती, तो आग पूरे गांव को अपनी चपेट में ले सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग कटे हुए गेहूं की फसल के डंठलों में लगी थी, जो तेज हवा के कारण फैलने लगी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *