महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में बुधवार शाम नाले में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सुभाष निषाद 45 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर सुभाष को नाले में डुबोकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुभाष निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें दो बच्चों की शादी हो चुकी है। सुभाष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही भूलेंद्र गोंड़ ने सुभाष को नाले में डुबोकर मार दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि बिंदु पत्नी मृतक सुभाष ने अपनी लिखित तहरीर में भूलेंद्र गोंड़ को नामजद आरोपी बनाया है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र