बारिश में बिजली से रहें सतर्क: अवर अभियंता

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरसात के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग ने ग्रामीणों और किसानों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों से कहा है कि एलटी विद्युत तारों के नीचे धान की रोपाई अथवा अन्य कृषि कार्य न करें। बारिश के दौरान तार टूटने, पेड़ की डालियों के संपर्क में आने या अन्य तकनीकी कारणों से करंट प्रवाहित होने का खतरा बढ़ जाता है।
तहसील मुख्यालय 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सुदनीपुर के अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कहीं विद्युत तार टूटने, फाल्ट होने या अन्य तकनीकी खराबी दिखाई दे तो लोग उसे स्वयं छूने अथवा ठीक करने का प्रयास न करें। तत्काल विद्युत विभाग के सरकारी मोबाइल नंबर 7307562579 पर सूचना दें या निकटतम विद्युत उपकेंद्र को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि फूलपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से अवर अभियंताओं और लाइनमैनों द्वारा व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से लोगों को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही गांवों और चौक-चौराहों पर पहुंचकर ग्रामीणों को सावधानी बरतने की जानकारी दी जा रही है।
विद्युत कर्मियों द्वारा स्टे वायर, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि संभावित खामियों को समय रहते दूर किया जा सके। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान विद्युत उपकरणों और तारों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी खराबी की सूचना तत्काल विभाग को दें।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *