पुलिस मुठभेड़ में आभूषण ठगी का आरोपी घायल, गिरफ्तार

शेयर करे

कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में महिलाओं से आभूषण और नकदी ठगी के मामलों में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम पुत्र स्व.मुसाफिर के रूप में हुई है।
कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर और कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर को महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण और नकदी ठगने की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी की बहन नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ठगी के मामलों में शामिल साहब राम मोटरसाइकिल से आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस का दावा है कि रोकने का इशारा करने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।
रिपोर्ट-विजय कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *