पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में बिन्दवल-जैगहा मार्ग से हारीपुर गांव को जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही थी। जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस सड़क को लेकर ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हैरानी की बात यह थी कि करीब दो वर्षों से पीडब्ल्यूडी का ठेका होने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही थी।
मामला गोपालपुर विधानसभा के भाजपा के भावी प्रत्याशी जयनाथ सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल ठेकेदार से कड़े शब्दों में बात कर सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उनकी पहल का असर ऐसा रहा कि अगले ही दिन ठेकेदार ने सड़क पर निर्माण सामग्री गिरवाकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया और आवागमन का रास्ता दुरुस्त करा दिया।
लंबे समय से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों ने सड़क ठीक होने पर खुशी जाहिर करते हुए जयनाथ सिंह के प्रति आभार जताया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जयनाथ सिंह की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे जनसमस्याओं को केवल सुनते ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए तत्काल पहल भी करते हैं।
लोगों ने उनके पूर्व के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि जब वे भाजपा के जिलाध्यक्ष थे, तब भी जनसुनवाई के दौरान फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई कराते थे। हारिपुर मार्ग की मरम्मत इसका ताजा उदाहरण है। ग्रामीणों के बीच इस पहल की खूब सराहना हो रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय