लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लालगंज में प्रधानाचार्य भानु प्रताप पांडेय की अध्यक्षता में संस्कृति महोत्सव महाअभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह तिलखरा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रधानाचार्य भानु प्रताप पांडेय ने बताया कि संस्कृति महोत्सव महाअभियान 16 अगस्त से शुरू होकर 2 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराएंगे। इस दौरान भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं से संबंधित साहित्य भी लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे साहित्य का अध्ययन कर भारतीय संस्कृति एवं उसके मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह तिलखरा ने कहा कि भारतीय संस्कृति अत्यंत गौरवशाली और समृद्ध है। इस धरती पर अनेक महान पुरुषों ने जन्म लिया, जिन्होंने समाज को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को श्रेष्ठ बना सकता है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य भानु प्रताप पांडेय, डॉ. विजय बहादुर सिंह, आरएसएस के विभाग व्यवस्था प्रमुख उमाशंकर मिश्र, भाजपा के पूर्व विभाग संगठन मंत्री सुग्रीव जी, प्रबंधक राकेश गुप्त, शेषमणि मिश्र, राजेंद्र जी, शिवसागर बरनवाल, अर्चना गुप्ता, मनोरमा कन्नौजिया, अंजू मौर्य, संजय गुप्त आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद