अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सावन माह के पावन अवसर पर स्थानीय बाजार से श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा बैजनाथ (बाबा धाम) के लिए रवाना हुआ। भगवा वस्त्र धारण किए लगभग 30 से 35 कांवरियों का यह समूह जय श्री महाकाल और बम भोले के गगनभेदी जयकारों के साथ जल चढ़ाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ा।
भगवान शिव की भक्ति में लीन कांवरियों का यह दल अतरौलिया से ट्रेन द्वारा सुल्तानगंज पहुंचेगा। वहां की पवित्र गंगा नदी से जल उठाकर लगभग 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैजनाथ धाम (देवघर) पहुंचेगा। इसके पश्चात श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम और फिर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर जल अर्पित करने के बाद अपने घर लौटेंगे।
कांवरियों का मानना है कि बाबा बैजनाथ के दरबार में सच्चे दिल से मांगी गई हर मनोकामना अवश्य पूरी होती है। पप्पू निवासी अतरौलिया ने बताया कि हम लगभग 35 से 40 लोग एक साथ बाबा धाम जा रहे हैं। मैं पिछले 20 सालों से लगातार जा रहा हूं, बीच में कुछ वर्षों का अंतर आया था, लेकिन अब पिछले 3 वर्षों से पुनः नियमित जा रहा हूँ। भोलेनाथ की दया से नंगे पैर चलने पर भी पैरों में छाले नहीं पड़ते। सत्यदीप ने बताया कि ष्हम लोग अतरौलिया बाजार से बाबा धाम के लिए निकल रहे हैं। ट्रेन से सुल्तानगंज पहुंचकर वहां से जल लेकर 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा के दरबार जाएँगे। हम पिछले 7-8 वर्षों से लगातार इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं। भोलेनाथ में हमारी अटूट श्रद्धा है; हम जो भी मांगते हैं, मन में जो श्रद्धा होती है, बाबा बैजनाथ उसे पूरा कर देते हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद