आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जहानागंज ब्लॉक परिसर से गाजे-बाजे और देशभक्ति गीतों की धुन के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक परिसर से हुआ, जहां से आगे-आगे डीजे पर देशभक्ति गीत बजते रहे और पीछे-पीछे हजारों की संख्या में महिला-पुरुष हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंगते रहे।
तिरंगा यात्रा इलाहाबाद बैंक, पुराना मच्छर घट्टा, मुख्य चौक, मिश्रा मार्केट, सैयद मोड़ होते हुए मवेशी खाना स्थित अमर शहीद पार्क पहुंची। यहां लोगो ने अमर शहीद केके सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा एक गोष्ठी में परिवर्तित हो गई, जिसमें वक्ताओं ने देशभक्ति, एकता और तिरंगे के महत्व पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी में भाजपा नेता देवेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। देश के लिए शहीद होने वाले वीरों की स्मृति में यह यात्रा उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में देश प्रेम की भावना पैदा करना और उन्हें घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, अखिलेश सिंह, आनंद गुप्ता, दिलीप मिश्रा, अनिल गुप्ता,राजेश सिंह, ज्ञानपाल सिंह, गोपाल नाटे, जयप्रकाश यादव, रिंकू सिंह, विजय कुमार सिंह, भक्कू, संतोष सोनकर आदि उपस्थित रहे।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार कंपोजिट विद्यालय लालगंज के छात्र-छात्राओं द्वारा नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामे वंदे मातरम, भारत माता की जय जैसे गगनभेदी नारे लगाए। साथ ही पॉलिथीन के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्लोगन भी बुलंद किए। इस अवसर पर नगर पंचायत के सफाई नायक चंद्रमणि यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, महिला एवं पुरुष शिक्षण-गैरशिक्षण स्टाफ तथा बड़़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।