घाघरा खतरे के निशान से 82 सेंटीमीटर ऊपर

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तरी छोर से होकर बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार के बाद गुरुवार को भी डिघिया और बदरहुआ गेज पर नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और ग्रामीणों की चिंता बढ़ने लगी है। प्रशासन और बाढ़ खंड के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले घाघरा नदी में पानी डिस्चार्ज किए जाने के बाद जलस्तर तेजी से बढ़ा है। हालांकि पानी बढ़ने से नदी की कटान में फिलहाल कुछ कमी आई है, जिससे तटवर्ती ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वहीं, नदी का पानी अब संपर्क मार्गों की ओर बढ़ने लगा है। शाहडीह, सोनौरा और अभ्भनपट्टी सहित कुछ रास्तों पर पानी पहुंचने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो कई अन्य संपर्क मार्ग भी पानी में डूब सकते हैं। सहबदिया, महुला, चक्की, देवरा खास राजा के 28 पुरवे, शाहडीह, सोनौरा, बांका, बूढ़नपट्टी और अजगरा समेत एक दर्जन से अधिक गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का पानी और बढ़ा तो गांवों को जोड़ने वाले मार्ग जलमग्न होने से आवागमन मुश्किल हो जाएगा।
डिघिया गेज पर घाघरा नदी का खतरा बिंदु 70.40 मीटर निर्धारित है। गुरुवार को यहां जलस्तर 71.22 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 82 सेंटीमीटर अधिक है। वहीं बदरहुआ गेज पर खतरा बिंदु 71.68 मीटर है और गुरुवार को जलस्तर 71.92 मीटर दर्ज हुआ, जो खतरे के निशान से 24 सेंटीमीटर ऊपर है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *