आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जी.डी. ग्लोबल विद्यालय, करतालपुर बाईपास में देश की स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, ध्वजारोहण, वन्देमातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में जहाँ देशप्रेम की निश्छल अभिव्यक्ति दिखाई दी, वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व और गौरव का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि सच्चा देशप्रेम केवल राष्ट्रीय पर्वों पर अभिव्यक्त होने वाली भावना नहीं, बल्कि हमारे विचारों, व्यवहार और कर्मों में निरंतर दिखाई देने वाला संस्कार है। कार्यकारी निदेशक श्रीष अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल बड़ी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और उत्तरदायित्व से होता है। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कूटे ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे ज्ञान, एकता और मजबूत चरित्र को अपने जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा भारत की स्वतंत्रता, गरिमा और उज्ज्वल भविष्य के योग्य जिम्मेदार नागरिक बनें।
इस अवसर पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित वरिष्ठ समन्वयक जीके त्रिपाठी एवं सुमन यादव उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार