महाराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कोलहटा कमाल ग्राम सभा में सोमवार शाम करीब सात बजे गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में लीकेज होने से एक घर के छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
कोलहटा कमाल निवासी हरेंद्र के घर में सोमवार शाम खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक लीकेज हो गया। गैस तेजी से फैलने के बाद छप्पर ने आग पकड़ ली। आग की लपटें देखकर परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकले और शोर मचाया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी आदि की मदद से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार के मुताबिक, आग में बच्चों के कपड़े, किताबें, स्कूल बैग समेत घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। हालात यह है कि बच्चों के पहनने के लिए भी कपड़े नहीं बचे।
घटना की जानकारी मिलने पर महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। आग की इस घटना के बाद परिवार के सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था को लेकर बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र