उर्वरक की किल्लत से किसान परेशान

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रवि की बुवाई के दौरान किसानों को उर्वरक की किल्लत से निजात नहीं मिल सकी। कृषि विभाग के अधिकारी और जिला प्रशासन किसानों की समस्या का समाधान कराने में नाकाम साबित हो रहे हैं। वहीं, उर्वरक विक्रेताओं की ओर से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने पर भी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
किसान डीएपी और एनपीके उर्वरक की तलाश में सरकारी गोदामों और साधन सहकारी समितियों के चक्कर लगाते रहे। समय से समितियों पर उर्वरक उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को मजबूरन खुले बाजार से महंगे दामों पर डीएपी खरीदनी पड़ी।
अब डीएपी की मांग कम होने के बाद किसानों के सामने यूरिया की समस्या खड़ी हो गई है। तहसील क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों सदरपुर, बरौली, कनेरी और बक्सपुर सहित कई समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है। किसानों का आरोप है कि समितियों के गोदामों पर ताले लटके हैं और संबंधित सचिव भी नदारद रहते हैं। ऐसे में किसानों को बाजार के लाइसेंसी विक्रेताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
किसान अनवर अंजर, विजयपाल सिंह, रामआसरे यादव, मनीष पाल, रामसिंगार यादव, बत्तीस यादव, बहादुर यादव, सभाजीत यादव, मोहम्मद हासिम, कलंदर प्रजापति और कोमल प्रजापति ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से लेकर तहसील और जिला स्तर के अधिकारियों तक गुहार लगाई जाती है, लेकिन समाधान नहीं होता। किसानों को एक तरफ महंगे दामों पर उर्वरक खरीदना पड़ रहा है तो दूसरी तरफ उसकी गुणवत्ता को लेकर भी संशय बना रहता है।
किसानों ने जिला प्रशासन से साधन सहकारी समितियों पर जल्द से जल्द यूरिया की खेप उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *