आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने कहा है कि आगामी दिनों में पड़ने वाले त्योहारों पर जनसुविधा के दृष्टिगत शासन द्वारा 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप त्योहारों के अवसर पर निर्बाध्य रूप से 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाय। उन्होनंे कहा कि बार-बार हो रही ट्रिपिंग के कारण प्रायः असहज स्थिति उत्पन्न हो जाया करती है, इसलिए इस ओर तत्परता से ध्यान देकर प्राथमिकता के आधार पर इसे दुरुस्त कराया जाय।
मण्डलायुक्त श्री चौहान ने मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में आयोजित सर्वाेच्च विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान बताया कि राज्य स्तर पर हुई रैंकिंग में आज़मगढ़ को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि निश्चित रूप से सराहनीय है, परन्तु अभी भी कई विभाग ऐसे हैं जिनकी प्रगति सन्तोषजनक नहीं है। उन्होने ऐसे विभागों के अधिकारियों को पूरी निष्ठा और लगन से कार्य अपेक्षानुरूप प्रगति लाने की हिदायत दी। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर विभागीय कार्यों में और अधिक प्रगति लाते हुए मण्डल को टॉप पर लाया जा सकता है। समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त श्री चौहान ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश का मौसम समाप्त हो गया है, इसलिए सड़कों की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करायें तथा सुनिश्चित करें कि जिन सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है वह 15 नवम्बर तक हर हालत में गड्ढामुक्त हो जायें। उन्होंने आईजीआरएस के सम्बन्ध में जिलाधिकारियों से कहा कि जिन विभागों के कारण रैंकिंग खराब हो रही है उन विभागों से स्पष्टीकरण प्राप्त करें। बैठक में अमृत योजना, जल जीवन मिशन, आपरेशन कायाकल्प, किसान सम्मान निधि योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण आदि के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की गयी।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव