भीषण गर्मी में ध्वस्त हुई विद्युत विभाग की तैयारियां, उपभोक्ता बेहाल

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रीष्म ऋतु से पूर्व विद्युत विभाग द्वारा बेहतर आपूर्ति के लिए किए गए दावों की पोल भीषण गर्मी में खुलती नजर आ रही है। विद्युत उपखंड फूलपुर अंतर्गत विभिन्न उपकेंद्रों पर कराई गई मरम्मत, बदले गए केबल, तार और उपकरण लगातार फेल हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है।
अत्यधिक गर्मी और बढ़े हुए लोड के बीच मरम्मतयुक्त ट्रांसफार्मर, केबल और अन्य उपकरण बार-बार जलने से विभागीय कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। हालात यह हैं कि अवर अभियंता और लाइनमैन रात-दिन फाल्ट ठीक करने में जुटे रहने के बावजूद निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति देने में सफल नहीं हो पा रहे हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार बिजली आते ही कहीं केबल जलने, कहीं ट्रांसफार्मर के पास आग लगने और कहीं फीडर ट्रिप होने की शिकायतें शुरू हो जाती हैं। शंकर जी तिराहे, मिर्चा मंडी सहित कई स्थानों पर आयेदिन केबल जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। एक फाल्ट ठीक होते ही दूसरे स्थान से शिकायत पहुंच जाती है, जिससे पूरी रात विभागीय कर्मचारी दौड़भाग में लगे रहते हैं।
रात्रि में 132 केवी उपकेंद्र से रोस्टिंग और बार-बार आपूर्ति बंद होने से लोगों की नींद हराम हो गई है। भीषण गर्मी में बिजली संकट से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदारी प्रथा के तहत लगाए गए केबल, तार और अन्य उपकरण गुणवत्ताहीन हैं। बिना मानक जांच के भुगतान कर दिए जाने के कारण थोड़ी गर्मी बढ़ते ही उपकरण जवाब देने लगे हैं। लोगों ने उच्चाधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
वहीं, विभागीय अधिकारी बढ़े हुए लोड और अत्यधिक गर्मी को समस्या की मुख्य वजह बता रहे हैं। उपखंड अधिकारी फूलपुर भूप सिंह ने कहा कि विभागीय कर्मचारी लगातार बेहतर आपूर्ति देने के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन भीषण गर्मी के कारण लोड बढ़ने से दिक्कतें आ रही हैं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *