शिक्षा निरंतर परिवर्तन की प्रक्रिया: नवाज अहमद खान

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेंट्रल पब्लिक स्कूल, जाफरपुर में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं शिक्षण-पद्धति को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय क्रिटिकल एंड क्रिएटिव थिंकिंग (आलोचनात्मक एवं रचनात्मक चिंतन) रहा।
विद्यालय के प्रबंधक नवाज अहमद ख़ान ने कहा कि “शिक्षा निरंतर परिवर्तन की प्रक्रिया है और एक शिक्षक के लिए सीखते रहना उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी शिक्षकों से प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करने तथा विशेषज्ञों के अनुभवों से अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या रेखा सिंह ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में शिक्षकों को विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या-समाधान की क्षमता, रचनात्मकता, विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण तथा स्वतंत्र चिंतन विकसित करने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण को अधिक रुचिकर, गतिविधि-आधारित एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रेड ईगल पब्लिक स्कूल प्रयागराज के उपप्रधानाचार्य नितेश कुमार सिंह तथा सेंट एंथनीज कॉन्वेंट स्कूल, गोरखपुर के टीजीटी गोविंद कुमार कर्ण ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। दोनों विशेषज्ञों ने शिक्षकों के साथ अपने अनुभव एवं नवीन शिक्षण तकनीकों को साझा किया।
विद्यालय संस्थापक अयाज़ अहमद ख़ान ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं समग्र विकास पर पड़ेगा।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *