पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ठंड के मौसम में बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रेश राय की ओर से राय मेडिकल स्टोर बिंदवल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नवजात शिशुओं से लेकर लगभग 12 वर्ष तक के करीब 150 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में बिंदवल, जयराजपुर, कोहड़ी, तोहफापुर और मढ़ैया सहित आसपास के गांवों से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। डा. चंद्रेश राय ने बच्चों की जांच कर अभिभावकों को सर्दी, खांसी, बुखार और डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने बच्चों को गर्म कपड़े पहनाने, ठंडी हवाओं से बचाने तथा साफ-सफाई और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी उपयोगी हैं। गौरतलब है कि डा. चंद्रेश राय का शेखर चिल्ड्रेन हॉस्पिटल करतालपुर बाईपास आजमगढ़ में संचालित है। उनके द्वारा आगामी तीन महीनों तक सोमवार से शनिवार बच्चों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने की पहल भी की जा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय