अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत चोरी रोकने व बकाया बिलों के भुगतान के लिए सरकार सहित विभाग सक्रिय है। इसी क्रम में बिजली चेकिंग अभियान में दर्जनों बकायेदारों के कनेक्शन काटे गये।
अतरौलिया क्षेत्र के भरसानी, तेजापुर, चनैता, बोड़रा लछिरामपुर समेत अन्य गांव में उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार राव तथा अवर अभियंता अवधेश कुमार पाल के संयुक्त नेतृत्व में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत बड़े बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। बता दें कि इन दिनों उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा समाधान सप्ताह चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत बिजली समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। वहीं 10 हज़ार से ऊपर के बड़े बकायेदारों का भुगतान न करने पर कनेक्शन भी काटा जा रहा है। अत्यधिक लोड भार तथा मीटर लगाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। लगातार बढ़ रहे विद्युत ओवरलोड को देखते हुए बाईपास कनेक्शन तथा बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बिजली चोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है। इसी क्रम में अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के आधा दर्जन गांव में विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया तथा लोगों को समाधान सप्ताह के बारे में जानकारी दी गई।
रिपोर्ट-आशीष निषाद