आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कौशल विकास मिशन, सेवायोजन एवं रोजगार सेक्टर की समीक्षा बैठक की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न ट्रेडों में रजिस्टर्ड ट्रेनिंग पार्टनर को दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष इनरोलमेंट शत-प्रतिशत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक ट्रेनिंग संस्थानों से समन्वय बनाकर लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत इनरोलमेंट कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को ट्रेनिंग के लिए रजिस्टर्ड संस्थानों के इंफ्रास्ट्रक्चर को चेक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मीटिंग में अनुपस्थित ट्रेनिंग पार्टनर के इंफ्रास्ट्रक्चर को चेक कर दो दिन के अन्दर आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मानक के अनुरूप न पाये जाने एवं चालू हालत मे न मिलने पर तत्काल लाइसेंस निरस्त कर दिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में कैम्प लगाकर 15 जून तक लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत इनरोलमेंट कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इनरोलमेंट के पश्चात तत्काल ट्रेडिंग प्रारंभ करा दिया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रेडवार ट्रेनिंग दिलाकर इंडस्ट्री से बात कर प्रशिक्षित बेरोजगारों का प्लेसमेंट कराना सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी ने सेवायोजन विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत रोजगार मेला एवं कैरियर काउंसलिंग आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवायोजन में रजिस्टर्ड अधिक से अधिक प्रशिक्षित लोगों को विभिन्न उद्योगों से बात कर प्लेसमेंट कराना सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी ने ट्रेनिंग पार्टनर को हर संभव सहायता देने के लिए लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, जो भी समस्याएं होगी उसे दूर करने में सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री आजाद भगत सिंह, उपायुक्त उद्योग श्री साहब शरण रावत तथा सेवायोजन एवं ट्रेनिंग पार्टनर के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार