डीएम और एसएसपी ने घाघरा नदी के कटान क्षेत्र का किया निरीक्षण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत देवारा क्षेत्र में घाघरा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और कटान की स्थिति को देखते हुए गुरुवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने आराजी पुरैनिया सहित आसपास के कटान प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व, सिंचाई एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से कटान की वर्तमान स्थिति, बचाव कार्यों तथा राहत व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटान प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा जहां भी आवश्यक हो, वहां तत्काल बचाव कार्य तेज किए जाएं ताकि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष कटान से खेतों के नुकसान, आवागमन में हो रही कठिनाइयों, पीड़ितों को मुआवजा तथा संभावित बाढ़ के खतरे से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाघरा नदी के जलस्तर एवं कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराकर राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज किया जाएगा, ताकि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एसडीएम संजीव कुमार राय, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *