आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने निर्देश दिया है कि मण्डल के जनपदों में जो भी वाहन बिना परमिट के चल रहे हैं उसे तत्काल प्रभाव से रोका जाय। साथ ही ओवर लोडिंग करने तथा क्षमता से अधिक सवारियां ढोने वाले वाहनों पर भी सख्ती से कार्यवाही की जाय। मण्डलायुक्त श्री चौहान वृहस्पतिवार को अपने कार्यालय के सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति तथा संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक कर रहे थे।
मंडलायुक्त श्री चौहान ने कहा कि एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर जो ब्लैक स्पाट चिन्हित किये गये हैं तथा सड़क दुघटनाओं से बचाव के दृष्टिगत वहां जो कार्य कराया जाना है, उसे सम्बन्धित विभागों के माध्यम से तत्काल पूरा कराया जाय। उन्होंने आगाह किया कि यदि किसी विभाग द्वारा इसमें लापरवाही बरती जाती है, तो सम्बन्धित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि एनएचएआई से सम्पर्क कर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रामा सेन्टर बनवाया जाय। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिपूर्ति के लम्बित मामलों की समीक्षा में सम्बन्धित बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि यद्यपि कि हिट एण्ड रन का कोई प्रकरण लम्बित नहीं है, परन्तु अन्य दुर्घटनाओं के जो मामले लम्बित हैं उसे तत्परता से निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने स्पीड ब्रेकर प्रायः बिना पेन्ट किये हुए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, इसलिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तत्काल सर्वे कराकर स्पीड ब्रेकर को पेन्ट कराना सुनिश्चित करें। मण्डलायुक्त ने नगरीय क्षेत्रों में दुकानदारों द्वारा दुकान बढ़ाकर सामान सड़क पर रखे जाने तथा सड़कों पर ठेला आदि लगाये जाने के कारण उत्पन्न जाम की स्थिति को देखते हुए सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों से दुकान के सामानों को तत्काल हटवायें तथा ठेले वालों से भी बात कर उन्हें ठेला चिन्हित स्थानों पर लगवाने की कार्यवाही करें। इसके साथ ही आटो गैरेज वालों को भी गाड़ियां सड़कों पर लगाने से रोकें।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार