गोसाईं की बाजार आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार की ओर से सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित देवगांव बाजार की सड़क इन दिनों गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं और हादसों को दावत दे रहे हैं।
वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय मार्ग होने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इसके अलावा देवगांव बाजार में बड़ी संख्या में लोग पैदल भी आते-जाते हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार आयेदिन दोपहिया वाहन सवार और राहगीर गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
बाजारवासियों ने संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि सड़क की स्थिति का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
रिपोर्ट-मिर्जा तारीक बेग