100 शैय्या अस्पताल में विधि-विधान से हुआ विश्वकर्मा पूजन

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बृहस्पतिवार को क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। इसी क्रम में अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में भी विश्वकर्मा पूजन का आयोजन किया गया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों ने आईसीयू समेत चारों ऑपरेशन थिएटरों में स्थापित आधुनिक जीवनरक्षक मशीनों और उपकरणों का विधि-विधान से पूजन किया।
अस्पताल के ऑपरेशन थिएटरों में जनरल, ईएनटी, अस्थि और नेत्र रोग से संबंधित अत्याधुनिक उपकरणों की पूजा की गई। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मरीजों के सफल उपचार और जटिल सर्जरी में इन मशीनों का निर्बाध संचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपना कर्म पूरी निष्ठा से करते हैं, लेकिन मशीनों के सुचारु संचालन और मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वरीय कृपा और मार्गदर्शन भी आवश्यक है। पूजन के बाद अस्पताल परिसर में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्टाफ नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम में डा. गुलाटी, डा. प्रदीप गुप्ता के अलावा स्टाफ नर्स निर्मला सिंह, ममता यादव, आराधना शुक्ला, मंजू भारती, श्वेता वर्मा, चंदा गौड़, सीमा रानी, विजयलक्ष्मी शाही, ममता, दीपा यादव, प्रतिमा, मनीषा चौहान, कंचन, अल्का, अंजू, चांदनी, शिवाली, शिखा यादव, सुरेंद्र कुमार पवार, दीपिका वर्मा, सरिता राय, वीरेंद्र यादव, चंदा मद्धेशिया और अंजू चौहान समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *