महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील एवं गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौबरार देवारा जदीद किता द्वितीय सहित आस-पास के गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पुल निर्माण की मांग देवारा विकास सेवा समिति ने तेज कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि हजारों की आबादी आज भी आवागमन के लिए नाव पर निर्भर है। बरसात और बाढ़ के दिनों में स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। जिलाध्यक्ष सोनू यादव ने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी क्षेत्र के लोगों को नाव के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। रात्रि के समय किसी महिला, बुजुर्ग, बच्चे या मरीज को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता पड़ने पर जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। सरकार की विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब देवारा क्षेत्र के गांवों को सुरक्षित और स्थायी आवागमन की सुविधा मिले।
सचिव हरेंद्र यादव ने कहा कि संगठन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन कराते हुए पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने और शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की जाएगी। जिलाध्यक्ष सोनू यादव ने प्रशासन से जनहित में इस गंभीर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र