देवारा के विकास की उठी मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवारा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सोमवार को देवारा विकास सेवा समिति ने कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंड के सामने धरना दिया। समिति के पदाधिकारियों ने देवारा में तहसील, राजकीय इंजीनियरिंग कालेज तथा सौ बेड के आधुनिक अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। तत्पश्चात जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
समिति के अध्यक्ष रामकेदार यादव ने कहा कि देवारा क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं के लिए लम्बी दूरी तय करनी पड़ रही है। लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना अब किसी राजनीतिक मांग का विषय नहीं बल्कि क्षेत्र की बुनियादी जरूरत है। प्रशासन को जनता की इस आवाज को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्ययोजना बनानी चाहिए।
प्रयास सामाजिक संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह व सचिव इं.सुनील यादव ने अपना समर्थन दिया। जिलाध्यक्ष सोनू यादव ने स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाया। जिला सचिव हरेंद्र यादव ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जायेगा।
इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष संतोष यादव, बलजीत यादव, साधू पहलवान, शुभम यादव, राजू मिश्रा, विजयशंकर यादव, भुवर, विमला यादव, हौसिला राजभर, पुजारी राजभर, रविप्रकाश, संतोष यादव, दूधनाथ वर्मा आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *