फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में संचालित एक सोनोग्राफी सेंटर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष रत्नेश कुमार बिन्द ने सीएमओ सहित डीएम व मंडलायुक्त को पत्र सौंपकर “जनता सोनोग्राफी सेंटर” के खिलाफ जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि उक्त सोनोग्राफी सेंटर का संचालन नियमों के विपरीत किया जा रहा है। सेंटर का पंजीकरण डा. अफजाल अहमद के नाम पर बताया गया है, जो एक जनरल सर्जन हैं, लेकिन वह स्वयं सेंटर पर उपस्थित नहीं रहते। आरोप है कि यहां जांच का कार्य टेक्नीशियन के जरिए कराया जा रहा है, जिससे गलत रिपोर्ट तैयार होने की आशंका बनी रहती है।
जब भी जांच टीम पहुंचती है, सेंटर को बंद कर दिया जाता है। मंडल अध्यक्ष ने कुछ मामलों का हवाला देते हुए बताया कि मरीजों को गलत रिपोर्ट देकर भ्रमित किया गया, जिससे उनकी जान तक जोखिम में पड़ सकती थी।
एक मामले में अनारा देवी की रिपोर्ट में पित्त की पथरी बताकर ऑपरेशन कराया गया, जबकि दूसरी जांच में कैंसर की बात सामने आई। वहीं, एक अन्य मामले में रागिनी नामक मरीज को अलग-अलग समय पर अलग-अलग रिपोर्ट दी गई, जबकि अन्य सेंटरों पर जांच कराने पर रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
रत्नेश कुमार बिन्द ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सेंटर को सील किया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय