घाघरा नदी में मिला लापता अधेड़ का शव

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र के रसूलपुर बेलकुंडा गांव निवासी बृजेश कुमार 50 वर्ष पुत्र स्व.चंद्रबली का शव गुरुवार को दोहरीघाट स्थित घाघरा नदी में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक बुधवार सुबह से ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था, जिनकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे।
गुरुवार को घाघरा नदी में शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान बृजेश कुमार के रूप में हुई। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक बेहद साधारण और मेहनतकश व्यक्ति था। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी की शादी हाल ही में हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल बृजेश कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *