लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव के एक बगीचे में पेड़ से एक शख्स का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गयी। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर गंभीरपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव की पहचान अरमान 40 वर्ष पुत्र अमीन, निवासी हरई रामपुर के रूप में हुई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मृतक पहले सैलून चलाता था। मृतक की पत्नी सुफियाना ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक, उनके पति अरमान मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे अरमान घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह ग्रामीणों से बगीचे में पेड़ से शव लटके होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद