अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के इसहाकपुर (बेरांव) गांव में बुधवार को विधायक निधि से निर्मित सीसी सड़क एवं नाली का लोकार्पण गांव की बेटियों के हाथों फीता कटवाकर कराया गया। करीब 22 लाख रुपये की लागत से 230 मीटर लंबी आरसीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया गया है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव का ग्रामीणों ने स्वागत किया। सड़क और नाली के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन के साथ जलनिकासी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने विकास कार्यों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं और गरीबों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा अपने अधिकारों की मांग किए जाने पर उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अपने हक की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार में संचालित लैपटॉप वितरण और कन्या विद्या धन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक नरसिंह भारती ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अहरौला ब्लॉक प्रमुख शकील अहमद, पूर्व प्रमुख महेंद्र यादव, बलवंत यादव, हरहर महादेव, राजेंद्र राम, प्रभुदिन यादव, जगरोपन यादव, सूर्य कुमार यादव, जंगबहादुर यादव, पूर्व प्रधान अंगद चौबे, रामपलट गुप्ता, हरिराम बागी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता चंद्रजीत राम तथा संचालन जय प्रकाश यादव उर्फ फौजी ने किया।
रिपोर्ट-संतोष चौबे