अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मदियापार मोड़ के समीप बुधवार को ‘नया प्रयोग टेक्नोलॉजी’ एवं ‘नया प्रयोग मीडिया’ केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पूर्व परिवहन आयुक्त चुन्नी लाल प्रजापति और पूर्व एसएसओ सुखराम प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
संस्थान के संस्थापक व सॉफ्टवेयर इंजीनियर हरेंद्र प्रजापति (एमसीए, डेटा साइंस एवं एआई) ने बताया कि हैदराबाद में नौकरी और वर्क फ्रॉम होम के दौरान स्थानीय स्तर पर दक्ष युवाओं की कमी को देखते हुए उन्होंने यह पहल की है। केंद्र के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को वेब व ऐप डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और सरकारी नौकरियों के लिए जरूरी ओ-लेवल कंप्यूटर कोर्स का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व करियर रोडमैप उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य अतिथि चुन्नी लाल प्रजापति ने कहा कि ग्रामीण अंचल में आईटी शिक्षा का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। इससे गरीब परिवारों के बच्चों को तकनीकी शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और कम खर्च में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बनेंगे। शिक्षक विजय यादव ने कहा कि ग्रामीण बच्चे अब तक सॉफ्टवेयर कोडिंग से अनभिज्ञ थे, लेकिन इस संस्थान से उन्हें तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. शेषनाथ प्रजापति, पंकज प्रजापति, डॉ. अंजीत प्रजापति, डॉ. मोहित प्रजापति, डॉ. नरेंद्र प्रजापति, दिनेश प्रजापति आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद