घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के बसहिया स्थित भारत गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को चिलचिलाती धूप और लू के बीच गैस न मिलने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने एजेंसी गोदाम पर जमकर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर उन्हें घंटों परेशान किया जा रहा है।
क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह 8 बजे से ही लाइन में लग गए थे। भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करने के बाद जब दोपहर 12 बजे एजेंसी के जिम्मेदार लोग पहुंचे, तो उन्होंने प्रिंटर खराब होने की बात कहकर वितरण रोक दिया। इससे गुस्साए लोगों ने एजेंसी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
उपभोक्ता ममता (पलया करौदी) ने बताया कि हम सुबह 8 बजे से लाइन में लगे हैं। अब बहाना बनाया जा रहा है कि मशीन खराब है। केवाईसी के बाद हमें यहां भेजा गया था, लेकिन अब सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं। सुनीता (एदिलपुर) ने कहा कि सरकार कहती है गैस पर्याप्त है, लेकिन यहां घंटों खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
रोशन (अतरौलिया) ने बताया कि मेरे घर में शादी है, लेकिन तीन दिनों से चक्कर काट रहा हूं। परसों 200 लोगों की लाइन थी, लेकिन 100 लोगों को देकर कह दिया गया कि स्टॉक खत्म है। दुकानदार आदमी कहां तक परेशान हो?
प्रदर्शन कर रहे पिंकी, विश्वदीप कुमार आदि ने मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को सुधारा जाए और प्रिंटर जैसी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो वे उच्चाधिकारियों का दरवाजा खटखटाएंगे। इस संदर्भ में गैस एजेंसी के मैनेजर रामकेश यादव से संपर्क साधा गया तो मोबाइल स्विच ऑफ रही।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *