आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेंट जेवियर्स हाईस्कूल समेदा में रविवार को फन डे का आयोजन बड़े ही जोश और उमंग के साथ किया गया। यह खास दिन नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के बच्चों के लिए हंसी, मस्ती, सीख और खेलों से भरपूर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा एवं आवासीय प्रबंधक अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनंजय शर्मा, उप प्रधानाचार्या संगीता राय, समन्वयक कुनाल गुप्ता आदि ने मशाल जलाकर किया।
विद्यालय प्रबंधन निदेशक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारा जाता है। विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन से भरपूर गतिविधियों का भी समय-समय पर आयोजन किया जाना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
बच्चों ने अपने प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। आर्ट एंड क्राफ्ट, बंजी जंपिंग हिम नृत्य, ट्रैम्पोलिन, ज़ोर्ब रोलर, डॉल्फिन स्लाइड/पूल बर्मा ब्रिज/कमांडो नेट, गायन वादन एवं नृत्य जैसी मजेदार स्पर्धाओं में नन्हे बच्चों ने खूब धमाल किया। बच्चों ने खेल और कला के माध्यम से सीखने की अपनी प्रतिभा को निखारा और पेपर फोल्ड के सहारे बोट, कैट, डॉग और हाउस आदि बनाये। इसके साथ ही उनको व्यवहारिक ज्ञान सिखाने वाले विभिन्न प्रकार के खेल गतिविधियों में शामिल किया गया। उनको अपनी भावनाओं को नियंत्रित करना, संतुलन बनाना और तनाव मुक्त रहने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया। विद्यार्थियों ने किताबों के तनाव से अलग मस्ती भरे वातावररण में रचनात्मकता और व्यावहारिक शिक्षा से भरपूर फन डे का पूरा आनंद लिया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार