22.5 लाख की लागत से निर्मित सीसी रोड का हुआ लोकार्पण

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विधानसभा क्षेत्र अतरौलिया के ग्राम पंचायत मंगितपुर के पखुवाड़ीह गांव में विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 22.5 लाख रुपये की लागत से 300 मीटर नवनिर्मित आरसीसी सड़क का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। यह मार्ग दुर्गा मंदिर व समझावन प्रजापति के घर से होते हुए सुरेंद्र विश्वकर्मा के घर की तरफ जाता है। सड़क का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव की मौजूदगी में गांव की नन्ही बच्चियों ने फीता काटकर किया।
लोकार्पण के अवसर पर एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता गिरिजा प्रसाद प्रजापति तथा सफल संचालन जयप्रकाश यादव ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. संग्राम यादव एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संग्राम यादव ने वर्तमान भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा आज प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और खस्ताहाल बुनियादी सुविधाओं से त्रस्त है। भाजपा सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे और प्रचार करने में व्यस्त है, जबकि धरातल पर विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। हम अपने क्षेत्र के हर गांव को मुख्य धारा से जोड़ने और ग्रामीण इलाकों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध हैं। जनविकास का यह सिलसिला सरकार की उपेक्षा के बावजूद रुकने वाला नहीं है।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने अपने संबोधन में कहा गांवों का सर्वांगीण विकास ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस नवनिर्मित सड़क से न केवल पखुवाड़ीह गांव बल्कि आसपास के राहगीरों को भी सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। हम आगे भी क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सुभाष चंद्र जायसवाल, मोहित यादव, राधेश्याम यादव, डॉ. लछिराम वर्मा, हरिराम यादव बागी, चंद्रजीत यादव, रामचंद्र वर्मा, हरिश्चंद्र यादव, बलराम यादव (अधिवक्ता), राजेंद्र भारती सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *