बेटियों के हाथों हुआ सीसी मार्ग का लोकार्पण

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र स्थित कंतालपुर गांव में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव ने 300 मीटर लंबे सीसी मार्ग का लोकार्पण परंपरा से हटकर गांव की बेटियों के हाथों फीता कटवाकर कराया। अध्यक्षता पूर्व मंत्री बलराम ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र यादव और चंद्रशेखर यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संचालन जयप्रकाश ने किया।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि गांवों के विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 300 मीटर लंबे सीसी मार्ग के निर्माण से कंतालपुर के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के दिनों में कीचड़ व जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए किए जाते हैं। उन्होंने बेटियों के हाथों लोकार्पण कराने को महिला सम्मान और बेटियों को आगे बढ़ाने का संदेश बताया।
इस दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में जिस तरह की राजनीति चल रही है, वह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है और जनता सब कुछ देख रही है। डॉ. संग्राम यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को उसके कार्यों का जवाब देगी।
इस मौके पर दयाराम, सीताराम, नरसिंह यादव, बरकतउल्ला, शिव प्रसाद, हैराम, विपिन आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *