तूल पकड़ रहा मासूम से दुष्कर्म व हत्या का मामला

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के टहर किशुनदेवपुर गांव निवासी रिंटू शर्मा की 10 वर्षीय बेटी की गोरखपुर में दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को अतरौलिया क्षेत्र के विधायक डॉ. संग्राम यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हरसंभव आर्थिक मदद दिलाने और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि अपनी पार्टी की ओर से परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास करूंगा। न्याय की लड़ाई में जहां भी मेरी जरूरत पड़ेगी, मैं परिजनों के साथ खड़ा मिलूंगा। उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची के साथ जिस तरह की घटना हुई है, वह बेहद गंभीर और मानवता को शर्मसार करने वाली है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से मामले में आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे जघन्य अपराधों में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार विफल साबित हो रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
नाई समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष हनुमान शर्मा ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र यादव, बर्मन यादव, श्यामधर चौबे, हरहर महादेव, बालदीन, श्यामलाल यादव, गंगाधर, फुल्लू यादव, लालमन यादव, मंदीप चौबे, सुनील सिंह, पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *