अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए स्मार्ट मीटर, महंगाई और आगामी चुनावी रणनीति जैसे मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखा। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश में बढ़ते विरोध और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर मंत्री ने साफ कहा कि किसी भी हाल में जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा पहले ही निर्देश जारी कर चुके हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि मीटरों में गड़बड़ी की जांच के लिए समिति गठित की गई है और जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
स्मार्ट मीटर को लेकर विपक्ष के हमलों पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि विपक्ष के पास मुद्दों का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर मीटर उखाड़कर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका संबंध विपक्षी दलों से हो सकता है।
बढ़ती महंगाई पर सफाई देते हुए मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में वर्तमान में बिजली आपूर्ति में काफी सुधार हुआ है। पहले जहां 5-6 घंटे बिजली मिलती थी, वहीं अब 18 से 22 घंटे तक आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उपलब्धता के हिसाब से बिजली पहले से सस्ती है।
गैस सिलेंडर के दामों पर उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करती हैं, लेकिन सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे हैं।
राजनीतिक सवालों पर राजभर ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी अन्य राज्यों की तरह आगामी चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली, मध्य प्रदेश, हरियाणा और बिहार के बाद बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद