अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद पार्टी के आजमगढ़ सदर लोकसभा क्षेत्र के जिलाध्यक्ष अनिल निषाद एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंगद निषाद का जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने दोनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
स्वागत समारोह के क्रम में आजमगढ़ टोल प्लाजा से लेकर महाराजगंज ब्लॉक तक जगह-जगह दोनों जिलाध्यक्षों का स्वागत किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस दौरान उत्साह देखने को मिला। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंगद निषाद ने कहा कि जिस तरह लालगंज क्षेत्र में निषाद समाज को संगठित कर मजबूत किया गया है, उसी तरह अब आजमगढ़ सदर लोकसभा क्षेत्र में भी निषाद समाज को जागृत, संगठित और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज के लोगों को एकजुट कर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को मजबूती प्रदान करें। दोनों जिलाध्यक्षों के स्वागत से क्षेत्र में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
रिपोर्ट-आशीष निषाद