मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार हुए अमन यादव को पुलिस की त्वरित और सक्रिय कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ट्रेन टिकट बुकिंग के फर्जी विज्ञापन के जरिए हुई 3,000 रुपये की ठगी की पूरी रकम बरदह पुलिस ने पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी है। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
बरदह थाना क्षेत्र निवासी अमन यादव ट्रेन टिकट बुक कराने के लिए इंस्टाग्राम पर चल रहे एक विज्ञापन के झांसे में आ गए थे। साइबर ठगों ने बुकिंग के नाम पर उनसे 3,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद थाना बरदह की साइबर डेस्क सक्रिय हो गई।
साइबर डेस्क की टीम ने तकनीकी माध्यमों से लेनदेन की पड़ताल की और संदिग्ध खाते में गई धनराशि को समय रहते होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से पूरी 3,000 रुपये की धनराशि पीड़ित अमन यादव के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी