सरकारी खेल मैदान पर दोबारा कब्जे का आरोप

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश सरकार के सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देशों के बावजूद तहसील क्षेत्र में भूमाफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। फूलपुर तहसील के ग्राम पंचायत बरईपुर में सरकारी खेल मैदान की भूमि पर दोबारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक से जांच रिपोर्ट तलब की है।
ग्रामीण सुफियान पुत्र अब्दुल हमीद ने उपजिलाधिकारी फूलपुर को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि ग्राम पंचायत बरईपुर की गाटा संख्या 217 सरकारी अभिलेखों में खेल मैदान के रूप में दर्ज है। इसी भूमि के एक हिस्से पर जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है, जबकि शेष भूमि पर गांव के एक व्यक्ति सलाहुद्दीन द्वारा कथित रूप से कब्जा कर लिया गया है।
शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराया और कब्जा मुक्त कराते हुए खूंटे गाड़ दिए थे। आरोप है कि बाद में संबंधित व्यक्ति ने खूंटे उखाड़कर पुनः भूमि पर कब्जा कर लिया। इसकी लिखित सूचना शिकायतकर्ता ने दोबारा एसडीएम को दी।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराते हुए सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *