अवैध दीवार गिरवाकर प्रशासन ने हटवाया अतिक्रमण

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील निजामाबाद क्षेत्र अंतर्गत असूरायन फरिहा में उसर भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए हटवा दिया। गाटा संख्या 2660 की इस भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से दीवार का निर्माण किया जा रहा था।
इस संबंध में लालमनी पत्नी राजेंद्र प्रसाद चौहान ने उप जिलाधिकारी निजामाबाद को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद हल्का लेखपाल उमेश गौड़ ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश की और संबंधित लोगों को निर्माण कार्य न करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए लालमनी ने जिलाधिकारी आजमगढ़ के जनता दरबार में पुनः प्रार्थना पत्र दिया। प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह, तहसीलदार चमन सिंह राणा तथा चौकी फरिहा की पुलिस टीम को मौके पर भेजा। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई जा रही दीवार को गिरवा दिया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस संबंध में उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि उसर भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा था, जिसे हटाकर भूमि को मुक्त करा लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *