खड़ंजा उखाड़ने और मरम्मत के नाम पर फर्जी भुगतान का आरोप

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के भदेवा मदियापार गांव में लगभग 15 वर्ष पूर्व बने खड़ंजे को उखाड़कर ले जाने और रास्ते को क्षतिग्रस्त करने का मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व प्रधान द्वारा लगभग 15 वर्ष पूर्व गाटा संख्या 86, रकबा 0.0290 हे. पर खड़ंजा लगवाया गया था, जिसका उपयोग पूरे गांव के लोग आवागमन के लिए करते थे। आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधानपति ने मरम्मत के नाम पर खड़ंजा उखड़वाकर गांव के ही कुछ दबंग व्यक्तियों को ईंटें दे दीं और 50 हजार रुपये सरकारी निधि से निकाल लिए। इसके बावजूद आज तक रास्ते की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे मार्ग गड्ढायुक्त और संकरा हो गया है और ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मौक़े पर पहुंचे लेखपाल और पुलिस ने भी प्रधान से रास्ता दुरुस्त कराने को कहा, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस संबंध में ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की है कि मौके का भौतिक सत्यापन कराते हुए रास्ते की मरम्मत कराई जाए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि लगभग 20 मीटर खड़ंजा मरम्मत के लिए उखाड़ा गया है और जल्द ही उसकी मरम्मत करा दी जाएगी। किसी प्रकार का फर्जी भुगतान नहीं किया गया है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *