महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित भैरव धाम परिसर के पोखरे में एक 65 वर्षीय अज्ञात महिला की डूबने से मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने की कोशिश की मगर शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
भैरव धाम परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला बुधवार की रात मंदिर परिसर से होते हुए पोखरे के किनारे गई जहां वह शरीर पर ओढ़े हुए शाल, चप्पल और चार्जिंग लाइट को किनारे पर रख पोखरे में उतर गई जहां उसकी डूबने से मौत हो गयी। गुरूवार की सुबह जब आसपास के लोग टहलते हुए पोखरे के पास पहुंचे तो महिला का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल लोगों ने ग्राम प्रधान राकेश यादव व स्थानीय पुलिस को दिया तथा पानी में उतर कर महिला का शव बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और शव को कब्जे में ले लिया तथा पहचान कराने में जुट गयी। आसपास के लोगों द्वारा पहचान न हो की दशा में पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को मर्चरी हाउस भेज दिया।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा