आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नमामि गंगे परियोजना के तहत जल निगम द्वारा गांवों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, हर घर जल योजना, जल जीवन मिशन आदि की अब तक की प्रगति की समीक्षा की गयी।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देशित किया कि कार्यदायी संस्थाओं से आवंटित ग्रामों में अब तक कराये गये कार्यां के सम्बन्ध में संस्थावार विवरण तैयार करायें, ताकि कार्य में लापरवाही एवं शिथिलता बरतने वाले एजेन्सी को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्यवाही की जा सके। उन्होने कहा कि गांवों की संख्या के अनुसार एजेन्सियों को मैनपावर बढ़ाकर अच्छी प्रगति व शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। उन्होने अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देश दिया कि फर्मों के भुगतान हेतु लम्बित बिलों के सम्बन्ध में जेई, एई से आख्या भी प्राप्त करें तथा एक सप्ताह से ज्यादा बिल लम्बित न रहे। उन्होने गांव में बोरिंग, पेयजल आपूर्ति, पम्प लगाने, कार्य प्रारम्भ होने आदि के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी प्राप्त करते हुए कार्य की प्रगति बढ़ाने को निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, अधिशासी अभियन्ता जल निगम, कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी, इंजीनियर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार