बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय बाजार का ऐतिहासिक मेला बृहस्पतिवार को देर रात तक बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। मेले में दोपहर बाद से लोगों का रेला उमड़ पड़ा। महिलाओं के साथ-साथ छोटे बच्चे भी मेले का खूब आनंद उठाएं, मेले में जहां बच्चे गुब्बारे और हाथ में खिलौने लिए थे तो वहीं महिलाएं भी चूड़ी, बिंदी, सिंदूर से लेकर घर के सजावट के समान की खूब खरीदारी की। बाजार में छोले, फुल्की और जलेबी की दुकानों पर अधिक भीड़ रही।
मेले में राम लक्ष्मण और सीता की झांकी को एक सजाये हुए रथ द्वारा निकाली गई, जो पुराना चौक से नया चौक होते हुए पक्का पोखरा पर पहुंची। झांकी के साथ अधिक संख्या में बाजारवासी राम लक्ष्मण और सीता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पक्का पोखरा पर राम लक्ष्मण और रावण के युद्ध का मंचन किया गया। राम ने रावण को मारकर असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई की जीत और अहंकार पर विनम्रता की विजय का संदेश दिया।
मेला परिसर में सात स्थान पर देवी प्रतिमा स्थापित की गई थी। जिसमें बजरंग दल समिति द्वारा कासिमगंज, यंग स्टार क्लब द्वारा राधा कृष्ण मंदिर, शिव शक्ति समिति पुराना चौक, हनुमानगढी रक्षक दल हनुमान मंदिर, आजाद धर्म रक्षक दल पक्का पोखरा, बाल धर्म रक्षक दल प्राचीन शिव मंदिर और लाइंस क्लब बघेला में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई जो लोगों के लिए आस्था का केंद्र रही। शिव शक्ति समिति पुराना चौक की मां दुर्गा की प्रतिमा की सजावट लोगों को काफी अच्छी लग रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन पूरा मेला परिसर का चक्रमण करता रहा जिससे मेला शांति पूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र