अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकासखंड की ग्राम सभा चिश्तीपुर में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश योजना के तहत निर्मित 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण विधायक डॉ. संग्राम यादव और पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव ने किया। वर्ष 2025-26 की योजना के अंतर्गत 16.71 लाख रुपये की लागत से बनी यह सड़क राम जनम वर्मा के घर से सुनील वर्मा के घर होते हुए संजय गौड़ के घर तक बनाई गई है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव मुख्य अतिथि तथा विधायक डॉ. संग्राम यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता रामआसरे वर्मा तथा संचालन जयप्रकाश यादव ने किया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और भर्तियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि वह अपनी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक सप्ताह नवनिर्मित सीसी सड़कों का लोकार्पण कर रहे हैं। विधायक ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से जातीय जनगणना कराने और आबादी के अनुपात में आरक्षण का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की। पंचायत चुनाव में देरी पर भी सवाल उठाया। दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए सामाजिक न्याय के मुद्दे पर एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। छात्रा प्राची वर्मा को बलराम यादव व संग्राम यादव ने शाल व संविधान देकर सम्मानित किया.।
विशिष्ट अतिथि चंद्रशेखर यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार में दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है।
इस मौके पर चेयरमैन सुभाषचंद्र जायसवाल, चंद्रजीत यादव, कन्हैया गौड़, शीतला निषाद, हरिराम बागी, कमला यादव, नरेंद्र यादव, अजय यादव, सुभाष चंद्र वर्मा, राधेश्याम यादव, संजय यादव, राजेंद्र राम, प्रधान रामचेत, राममिलन, रामचेत गौड़, परदेशी और बेचू राम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद